नोएडा। सेक्टर-75 स्थित IVY काउंटी सोसाइटी की एक हाईराइज इमारत में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग 28 मंजिला टावर के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 7 बजे आग लगने के बाद तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं। कुछ ही देर में फ्लैट की खिड़कियों से ऊंची-ऊंची आग की लपटें निकलने लगीं और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। घटना से सोसाइटी के निवासियों में दहशत फैल गई और लोग सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकलने लगे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआती चरण में पहुंची दमकल गाड़ियों का पानी केवल छठी मंजिल तक ही पहुंच पा रहा था, जबकि आग 12वें फ्लोर पर लगी थी। इसके बाद हाईड्रोलिक क्रेन मंगाकर ऊपरी मंजिल तक पानी पहुंचाया गया।
फायर विभाग और सोसाइटी प्रबंधन की संयुक्त कोशिशों से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इमारत में फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद थे, जिससे आग को नियंत्रित करने में मदद मिली।
सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के टावरों को भी खाली कराया गया। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।









