अम्बेडकरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलेभर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला देखने को मिली। जलालपुर, अकबरपुर, टांडा और ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी संस्थानों से लेकर सामाजिक संगठनों तक ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जलालपुर के पांडे कॉलोनी में नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि के निर्देशन में पदाधिकारियों ने वृक्षारोपण किया। इसी दौरान माँ की महिमा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष विकास निषाद ने पौधे लगाते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण आज समय की आवश्यकता है और हर व्यक्ति को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। कार्यक्रम में दुर्गेश गुप्ता और अवतन्स मिश्रा मौजूद रहे।
मेडिकल कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर भवन प्रभारी डॉ. वीरेंद्र यादव भी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचेगा तो जीवन और जैव विविधता सुरक्षित रहेगी।
कार्यक्रम में डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, डॉ. अनिल यादव, डॉ. सुनील यादव, डॉ. रविंद्र वर्मा और संदीप शुक्ला सहित अन्य लोग शामिल रहे।
एनटीपीसी टांडा में शपथ, प्रभात फेरी और पौधरोपण
एनटीपीसी टांडा में पर्यावरण दिवस पर शपथ ग्रहण, प्रभात फेरी और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा ने अधिकारियों, कर्मचारियों और बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) की बालिकाओं को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
प्रभात फेरी के जरिए स्वच्छता और हरित जीवनशैली का संदेश दिया गया। इसके बाद पौधरोपण कर सतत विकास का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में सूर्य नारायण पाणिग्राही सहित वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









