
अयोध्या में ज्येष्ठ माह के पहले बड़ा मंगल के अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल दिखाई दिया।
हनुमान मंदिर में विशेष पूजन और प्रसाद वितरण
मंदिर परिसर स्थित श्री हनुमान मंदिर में अर्चकों द्वारा निरंतर पाठ और पूजन किया गया। भक्तों के बीच हनुमानजी का लड्डू प्रसाद वितरित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।
सुहावने मौसम ने बढ़ाया आनंद
मौसम सुहावना रहने और धूप न होने के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में बैठकर दर्शन के साथ-साथ भव्यता का आनंद लेने का अवसर मिला। लोग मंदिर परिसर के विभिन्न मंडपों और स्थलों पर रुककर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करते नजर आए।
पहली बार विशेष आकर्षण बना बड़ा मंगल आयोजन
राम मंदिर परिसर में बड़े मंगल का आयोजन पहली बार इस तरह भव्य रूप में किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा। भोजन प्रसाद ग्रहण करने वालों को भी हनुमानजी का लड्डू वितरित किया गया।
शहर में जगह-जगह भंडारे
अयोध्या नगर में बड़े मंगल के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। राम मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालु हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।









