वृंदावन में एसी फटने से पोशाक गोदाम में भीषण आग

30 लाख का सामान जलकर राख

  • एसी फटने से पोशाक गोदाम में लगी भीषण आग
  • ढाई घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
  • संकरी गली होने से दमकल को हुई परेशानी
  • 30 लाख रुपए का सामान जलकर राख

मथुरा। मथुरा के वृंदावन में गुरुवार दोपहर एसी फटने से एक पोशाक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग तीन मंजिला बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर बने गोदाम में लगी और देखते ही देखते दूसरी मंजिल तक फैल गई। संकरी गली में स्थित गोदाम तक दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में काफी परेशानी हुई, जिससे आग बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी।

घटना वृंदावन की छिपी गली स्थित अमित बंसल के पोशाक गोदाम की है। बिल्डिंग की दो मंजिलों पर शोरूम और तीसरी मंजिल पर गोदाम बना हुआ था। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत तीसरी मंजिल पर लगे एसी के फटने से हुई। गोदाम में बड़ी मात्रा में पोशाक और पॉलीथिन रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

धुआं उठता देख गोदाम मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां, मोबाइल बाइक फायर टेंडर और तीन पानी के टैंकर मौके पर भेजे गए। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग की घटना में करीब 30 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button