
लखनऊ। राजधानी के Kakori इलाके में गुरुवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक अज्ञात महिला की खून से सनी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मदारपुर-पुरैना मार्ग पर मदारपुर गांव के बाहर सड़क किनारे खुले मैदान में पड़ा मिला।
सुबह जब स्थानीय लोग उस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि महिला के हाथ बंधे हुए थे और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शव पर एक कपड़ा डाला हुआ था, जो पूरी तरह खून से सना हुआ था।
ग्रामीणों ने शव की पहचान करने से इनकार कर दिया है, जिससे यह मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है और लापता लोगों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।









