
अम्बेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नसरुद्दीनपुर गांव निवासी सौरभ गौड़ ने बुधवार सुबह पड़ोसी जिले आजमगढ़ के अतरौलिया क्षेत्र स्थित नंदना गांव में एक पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। युवक ने अपनी पैंट पर कई मोबाइल नंबर और मृतक छात्रा स्नेहा का नाम लिख रखा था। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने लिखा कि उसकी मौत के लिए छात्रा के परिजन जिम्मेदार हैं और उसने छात्रा की हत्या नहीं की।
18 दिन से लापता थी छात्रा स्नेहा
राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के तेंदुवाईकला गांव के पास 20 दिसंबर को 15 वर्षीय छात्रा स्नेहा का क्षत-विक्षत शव मिला था। छात्रा 2 दिसंबर से लापता थी। उसके परिजनों ने सौरभ गौड़ पर अपहरण का आरोप लगाया और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
स्नेहा राजेसुल्तानपुर के नसरुद्दीनपुर गांव की रहने वाली थी और कक्षा 11 की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, सौरभ और स्नेहा के गांवों के बीच लगभग 5 किलोमीटर की दूरी है। दोनों के बीच डेढ़ साल से संबंध चल रहे थे।
हत्या के आरोप के बाद फरार हुआ सौरभ
स्नेहा के शव मिलने के बाद पुलिस ने सौरभ के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोप लगने के बाद सौरभ फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि सौरभ पहले भी दोनों परिवारों की शिकायत पर जेल जा चुका था। जेल से बाहर आने के बाद वह गमगीन रहता था और कहता था कि “मैं फंस जाऊंगा, कोई मेरी बात नहीं सुनेगा।”









