आगरा। शनिवार रात आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते चालक और सवार कार से नीचे उतर गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
धुआं उठते ही चालक ने दिखाई सूझबूझ
घटना थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नवीन गल्ला मंडी के पास रात करीब पौने नौ बजे की है। हाईवे पर दौड़ रही कार से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और सभी सवारों को बाहर निकाल लिया।
देखते ही देखते धूं-धूं कर जली कार
कुछ ही पलों में कार में भीषण आग भड़क उठी। आसमान में लपटें उठती देख हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया है। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।








