
- खंडवा में महिला से गैंगरेप के बाद मौत
- महिला बेहोशी की हालत में पड़ोसी के घर मिली
- दो युवकों पर मामला दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार
खंडवा। जिले के खालवा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार दोपहर एक 45 वर्षीय महिला से कथित रूप से गैंगरेप किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। महिला बेहोशी की हालत में पड़ोसी के घर के आंगन में मिली थी, जहां से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों ने महिला के निजी अंगों पर गंभीर चोटों के निशान पाए हैं। पुलिस ने दो युवकों हरि और सुनील को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जो महिला के परिचित बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी महिला के साथ शुक्रवार को एक शादी समारोह में शामिल थे, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
पड़ोसी महिला ने बताया कि पीड़िता बेहोशी की हालत में उनके घर आई और बाद में होश में आकर अपने साथ हुए अत्याचार की बात कही। महिला के दोनों बेटे भी उसे तलाशते रहे।
खंडवा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव का पोस्टमॉर्टम मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विभाग की निगरानी में किया गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने इस घटना को लेकर कहा कि महिला के साथ ऐसी क्रूरता हुई कि उसकी बच्चेदानी निकाल दी गई। उन्होंने राजनीतिक नेताओं से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें-अमरनाथ यात्रा इस बार इतिहास की सबसे कड़ी सुरक्षा में होगी









