कैंट थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो की टक्कर से 48 वर्षीय राजेश गोंड की मौत
हादसे के बाद परिवार सदमे में, बेटी अंजली बेहोश
परिवार की शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (UP-65-EU-9399) ने स्कूटी सवार राजेश गोंड (48) को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी डिवाइडर से टकराई और गंभीर चोटों के कारण राजेश की मौत हो गई। राजेश शहर के एक बड़े होटल में हाउसकीपिंग स्टाफ थे।
मृतक के परिवार को पुलिस ने उसके दस्तावेजों और मोबाइल के आधार पर हादसे की सूचना दी। जैसे ही उनकी बेटी अंजली ने पिता का शव देखा, वह जोर-जोर से चिल्लाई और थाने में फर्श पर गिरकर बेहोश हो गई। महिला पुलिस कर्मियों ने उसे संभाला और हिम्मत बंधाई।
परिवार इन दिनों अंजली की 25 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारियों में व्यस्त था। कार्ड छप चुके थे, मेहंदी-हल्दी तय थी, रिश्तेदारों को न्योते भेजे गए थे। अचानक पिता की मौत की खबर ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पत्नी शीला गोंड और छोटी बेटी मिनी भी हादसे से बेहाल हैं।
थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कहा कि स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने अधिकारियों से तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।








