लखनऊ। राजधानी के शहीद पथ पर स्थित लुलु मॉल के पास जल्द ही अत्याधुनिक स्काई वॉक (फुट ओवरब्रिज) का निर्माण किया जाएगा। करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित होगी, जिसका पूरा खर्च निजी कंपनी वहन करेगी।
गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुतीकरण के बाद स्काई वॉक निर्माण को मंजूरी दे दी गई।
एलडीए के अनुसार, प्रस्तावित स्काई वॉक करीब 100 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा होगा। इसका उद्देश्य शहीद पथ जैसे व्यस्त मार्ग पर पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीढ़ियों के साथ लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी।
परियोजना के तहत ग्राउंड फ्लोर पर लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। यहां कियोस्क, इंटरैक्टिव पब्लिक स्पेस, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा ग्राउंड, मेजेनाइन और प्रथम तल पर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान विकसित किया जाएगा। रूफटॉप पर ओपन एयर रेस्टोरेंट और बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की भी योजना बनाई गई है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्काई वॉक को भूकंपरोधी तकनीक से तैयार किया जाएगा। इसमें एंटी-स्किड फ्लोरिंग, मजबूत रेलिंग, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट साइनेज और अग्निरोधी विद्युत फिटिंग लगाई जाएंगी। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरण, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, प्राथमिक उपचार किट और आपदा प्रबंधन संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
एलडीए का दावा है कि निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिससे यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़ेगा। जरूरत पड़ने पर अस्थायी डायवर्जन, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और ट्रैफिक मार्शलों की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाएगा।









