अंबेडकरनगर में दहेज उत्पीड़न का मामला, नौ लोगों पर केस दर्ज

अंबेडकरनगर। जिले में दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। बसखारी क्षेत्र के बेलापरसा गांव की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

शादी के बाद बढ़ी दहेज की मांग

जानकारी के अनुसार, विवाहिता की शादी पिछले वर्ष 27 अप्रैल को महरुआ थाना क्षेत्र के पांती गांव निवासी मित्रसेन के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने नकद और घरेलू सामान दिया था। आरोप है कि ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।

विवाहिता के अनुसार, ससुराल पक्ष तीन लाख रुपये नकद और चारपहिया वाहन की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।

जबरन गर्भपात कराने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर ससुराल पक्ष ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद दोबारा गर्भ ठहरने पर 18 मार्च की रात फिर से जबरन दवा खिलाने का प्रयास किया गया।

दवा लेने से मना करने पर पति समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका गर्भपात हो गया और रक्तस्राव हुआ।

नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पीड़िता ने मायके पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पति, सास-ससुर, जेठ-जेठानी, ननद और एक रिश्तेदार समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button