
गोरखपुर में देवर के दोस्त ने बुधवार शाम 5 बजे भाभी की हत्या कर दी। वह अपने घर की छत पर टहल रही थी। बाहर लगी सीढ़ी के रास्ते आरोपी छत पर चढ़ा और चाकू से गला रेत दिया। वारदात को पड़ोसियों ने देखा तो चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आरोपी भाग गया।
चीख-पुकार सुनकर देवर छत पर पहुंचा। आनन-फानन में भाभी को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिजनों ने शव को हॉस्पिटल के बाहर रखकर हंगामा कर दिया। आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी का मांग करने लगे। उनका कहना था कि जान के बदले जान चाहिए। जब तक आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा, शव नहीं उठाने देंगे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उचित कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने ससुर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हत्या की वजह अब तक सामने नहीं आई है। मामला गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर कटरा बाजार की है।







