अंबेडकरनगर में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर जागरूकता अभियान

महामाया कृषि महाविद्यालय में छात्रों ने दिया सिटीजन फीडबैक

अकबरपुर: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ओर से सोमवार को महामाया कृषि अभियंत्रण एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और शहर की सफाई व्यवस्था के आकलन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

13 सवालों के जरिए परखी गई शहर की सफाई व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सिटीजन फीडबैक प्रक्रिया में भाग लिया। इस प्रक्रिया में कुल 13 सवाल पूछे गए, जिनके माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था का आकलन किया गया।इन सवालों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति और RRR सेंटर के प्रति जागरूकता जैसे प्रमुख बिंदु शामिल रहे।छात्रों ने सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए अपनी राय दर्ज कराई और स्वच्छता अभियान में योगदान दिया।

युवाओं की भागीदारी को बताया अहम

नगर पालिका परिषद अकबरपुर की अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह ने छात्रों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए युवाओं की भूमिका निर्णायक होती है।उन्होंने शहर के लोगों से भी अपील की कि वे सिटीजन फीडबैक में हिस्सा लें और शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में महाविद्यालय और नगर पालिका से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
महाविद्यालय की ओर से वीके सिंह और मनीष कुमार शामिल हुए।वहीं, स्वच्छ भारत मिशन और नगर पालिका की तरफ से जसवंत सिंह यादव, रवि उपाध्याय, इसराइल, आशीष शुक्ला और अंकित अग्रहरि ने भागीदारी की।

स्वच्छता रैंकिंग सुधारने पर फोकस
नगर पालिका परिषद का यह अभियान शहर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।सिटीजन फीडबैक के जरिए प्रशासन को जमीनी स्थिति समझने में मदद मिलेगी, जिससे सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button