
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि युवक ने कोतवाली परिसर में ही किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार अहरिया निवासी रंजीत को करीब दो माह पुराने छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। वह बुधवार को कोतवाली पहुंचा था। इसी दौरान उसने कथित रूप से पाउडर जैसे किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
घटना की जानकारी होते ही पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी घटना के बाद कुछ समय के लिए दूसरे शहर चला गया था। हाल ही में उसके वापस लौटने की जानकारी मिलने पर उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक अपने साथ विषाक्त पदार्थ कैसे लेकर पहुंचा।
सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट के मामले में आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। कोतवाली पहुंचने के बाद उसने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका उपचार चल रहा है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।









