पंजाब बम धमाकों पर बढ़ा सियासी विवाद, BJP ने भगवंत मान को भेजा कानूनी नोटिस

पंजाब बम धमाकों पर बढ़ा सियासी विवाद, BJP ने भगवंत मान को भेजा कानूनी नोटिस

पंजाब : पंजाब में हाल ही में हुए बम धमाकों और सुरक्षा घटनाओं को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव Tarun Chugh की ओर से मुख्यमंत्री Bhagwant Mann को कानूनी नोटिस भेजा गया है।

भाजपा की तरफ से वरिष्ठ वकील संकेत गुप्ता ने नोटिस जारी करते हुए आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने हालिया धमाकों को भाजपा से जोड़कर गलत जानकारी फैलाने और आपराधिक मानहानि करने का काम किया है। नोटिस में भगवंत मान से बिना शर्त माफी मांगने और अपना बयान वापस लेने की मांग की गई है। साथ ही सात दिनों के भीतर जवाब नहीं मिलने पर आपराधिक और दीवानी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

भाजपा ने बयान को बताया गैर जिम्मेदाराना

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान तरुण चुघ ने कहा कि भाजपा ने हमेशा आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का बयान राजनीतिक रूप से गैर जिम्मेदाराना है और इससे जनता के बीच भ्रम और तनाव पैदा हो सकता है।

चुघ ने कहा कि पंजाब में हाल के दिनों में पुलिस थानों, धार्मिक स्थलों और भाजपा कार्यालयों पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 22 से अधिक बम और ग्रेनेड हमले हो चुके हैं, लेकिन सरकार गंभीरता से कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक आरोप लगाने में लगी है।

जांच और राजनीति दोनों तेज

इस विवाद के बाद पंजाब की राजनीति और गरमा गई है। भाजपा लगातार कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठा रही है, जबकि आम आदमी पार्टी ने अभी तक नोटिस पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button