- 1 जुलाई से तत्काल टिकट के लिए आधार लिंक मोबाइल पर ओटीपी अनिवार्य
- ऑनलाइन और काउंटर बुकिंग दोनों पर लागू होगा नया नियम
- अकबरपुर स्टेशन पर सॉफ्टवेयर अपडेट और स्टाफ को मिला प्रशिक्षण
अंबेडकरनगर। रेलवे बोर्ड द्वारा तत्काल टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए नियमों में बदलाव किया गया है। आगामी 1 जुलाई से तत्काल टिकट केवल उन्हीं यात्रियों को जारी किया जाएगा, जिनका आधार कार्ड पंजीकृत मोबाइल नंबर से लिंक होगा और ओटीपी सत्यापन के बाद ही टिकट बुक हो सकेगा।
आधार आधारित ओटीपी प्रणाली होगी अनिवार्य
नई व्यवस्था के तहत आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से तत्काल टिकट केवल उन्हीं उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध होंगे, जिनका आधार नंबर उनके उपयोगकर्ता प्रोफाइल से लिंक है। टिकट बुक करते समय आधार से जुड़ा ओटीपी दर्ज करना अनिवार्य होगा। यह नियम ऑनलाइन और काउंटर दोनों माध्यमों से बुक किए जाने वाले तत्काल टिकटों पर लागू होगा।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर नई प्रणाली को लागू करने के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया गया है। आरक्षण काउंटर के कर्मियों को एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, ताकि नई प्रक्रिया को सुगमता से अपनाया जा सके। स्टेशन पर्यवेक्षक पलटू राम ने बताया कि “1 जुलाई से ओटीपी आधारित आधार सत्यापन के बिना तत्काल टिकट नहीं बनाया जाएगा। सभी आवश्यक तकनीकी और प्रशिक्षण संबंधी तैयारी पूर्ण कर ली गई है।”








