ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या- शव मिलने से इलाके में सनसनी

  • लखनऊ के महानगर क्षेत्र में सड़क किनारे युवक का शव मिला
  • 22 वर्षीय दिनेश कुमार की पीठ में चाकू धंसा मिला
  • रातभर जांच के बाद रेलवे स्टेशन से आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के महानगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्मेल स्कूल के पीछे सड़क किनारे 22 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान श्रावस्ती निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है, जो लखनऊ में ई-रिक्शा चलाकर गुजारा करता था और बादशाह नगर इलाके में किराए पर रहता था।

पीठ में चाकू धंसा मिला, शरीर पर कई वार के निशान

मौके पर पहुंची पुलिस को दिनेश की पीठ में चाकू घुसा हुआ मिला, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के कई निशान थे। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश के चलते चाकू से गोदकर की गई निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा है।

कहासुनी के बाद हुई हत्या, आरोपी फरार

पुलिस जांच में सामने आया कि दिनेश की कुछ समय पहले शिवाकांत मिश्रा नामक व्यक्ति से कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में शिवाकांत ने बीती रात दिनेश पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया और उसे लहूलुहान कर मौके से फरार हो गया।

CCTV और लोकेशन से मिली आरोपी की जानकारी

महानगर पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए रातभर इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। लोकेशन ट्रेस कर बादशाहनगर रेलवे स्टेशन से आरोपी शिवाकांत मिश्रा को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।

Back to top button