अंबेडकरनगर। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे व्यापक प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान के तहत मंगलवार को नगर पालिका परिषद अकबरपुर और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने शहर में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित पॉलिथीन और थर्माकोल सामग्री जब्त की गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले दो दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया।
नगर पालिका परिषद की टीम ने अवर अभियंता (जलकल) शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन रोड और मुरादाबाद ओवरब्रिज के नीचे स्थित दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और फुटपाथ विक्रेताओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग और भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की हुई जांच
अभियान के दौरान दुकानदारों और वेंडरों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने व्यापारियों को शासन के निर्देशों का पालन करने और प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग बंद करने की चेतावनी भी दी।
जांच के दौरान जब्त की गई पॉलिथीन और थर्माकोल सामग्री को नगर पालिका के कब्जे में लिया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दो दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया।
कपड़े के थैले बांटकर किया जागरूक
कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। नगर पालिका परिषद की ओर से नागरिकों और दुकानदारों के बीच कपड़े से बने थैले वितरित किए गए। अधिकारियों ने लोगों से प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।
अभियान में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से लक्ष्येंद्र सिंह और आकाश गिरी मौजूद रहे। वहीं नगर पालिका परिषद की स्वच्छ भारत मिशन टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।









