2703 करोड़ की विकास परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार

सड़क चौड़ीकरण, पुल, बाईपास और हेलीपैड निर्माण पर फोकस

अम्बेडकरनगर। जनपद के सर्वांगीण विकास को लेकर लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बड़ी कार्ययोजना तैयार की है। विभिन्न सड़क और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को लेकर आयोजित बैठक में 665 विकास कार्यों के लिए करीब 2703 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का अनुमोदन और वरीयताक्रम तय किया गया।

बैठक में राज्य मार्गों और जिला मार्गों के चौड़ीकरण, रेल ऊपरिगामी पुल (आरओबी), दीर्घ और लघु सेतुओं के निर्माण, नए बाईपास तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई।

सभी ब्लॉकों में हेलीपैड निर्माण की योजना

कार्ययोजना में जिले के सभी विकास खंडों में हेलीपैड निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है। अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य आपातकालीन सेवाओं और प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर बनाना है।

इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए कई नए मार्गों के निर्माण और जर्जर सड़कों के सुधार को भी प्राथमिकता दी गई है।

शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव

बैठक में तय की गई परियोजनाओं को अब वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।

अधिकारियों का कहना है कि स्वीकृति मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से परियोजनाओं पर काम कराया जाएगा। इससे जिले में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, विधायक धर्मराज निषाद, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड सौरभ सिंह और अधिशाषी अभियंता निर्माण खंड अश्वनी पांडेय समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के सहायक अभियंता और अवर अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button