गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना बरौली थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की है। जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम विजेंद्र नाथ तिवारी अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी गांव का रहने वाला राजेश साह वहां पहुंचा और अचानक उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में विजेंद्र नाथ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के अस्पताल में रेफर कर दिया।
डॉक्टर एके मिश्रा ने बताया कि विजेंद्र नाथ की पीठ पर आधा इंच, एक कंधे पर एक इंच और दूसरे कंधे पर आधा इंच गहरा घाव है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले विजेंद्र नाथ तिवारी ने अपने घर के पास मिट्टी भरवाई थी, जिसके बाद जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया था। इसी रंजिश में आरोपी राजेश साह ने उन पर हमला किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेश साह के पिता महेश साह और विजेंद्र नाथ तिवारी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इस मामले में महेश साह जेल भी जा चुका था। आशंका जताई जा रही है कि राजेश अपने पिता के जेल जाने का बदला लेना चाहता था।









