
अम्बेडकरनगर में किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। जिला कृषि विभाग के अनुसार जनपद में यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
वर्तमान स्थिति के अनुसार वितरण के बाद भी सहकारिता और निजी क्षेत्र में यूरिया 12482 मीट्रिक टन, डीएपी 4006 मीट्रिक टन, एनपीके 2941 मीट्रिक टन, एसएसपी 13653 मीट्रिक टन और एमओपी 149 मीट्रिक टन उपलब्ध है।
अयोध्या से जल्द पहुंचेगी नई खेप
जिले को अयोध्या रैक प्वाइंट से जल्द ही यूरिया की नई खेप मिलने वाली है। इसमें सहकारिता क्षेत्र के लिए एनएफएल कंपनी की 113 मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र के लिए 427 मीट्रिक टन यूरिया शामिल है। कुल 540 मीट्रिक टन यूरिया जिले में पहुंचने की उम्मीद है।
पीओएस मशीन से मिलेगा उर्वरक
किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड और खतौनी या जोत बही लाना अनिवार्य है। निर्धारित मात्रा के अनुसार ही खाद दिया जाएगा। सभी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराया जा रहा है।
समस्या के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय
उर्वरक से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान हेल्पलाइन नंबर 9455485475 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था लगातार सुचारु रखी जा रही है।









