एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, उपभोक्ता न हों परेशान

जिला पूर्ति अधिकारी ने अफवाहों से बचने की अपील की

अम्बेडकरनगर। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकान्त पाण्डेय ने उपभोक्ताओं से घबराने या अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनपद में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी एजेंसियों को नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों पर इस समय 13,640 घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा 485 छोटू कमर्शियल सिलेंडर भी मौजूद हैं।

उन्होंने बताया कि छोटे दुकानदार, प्रवासी श्रमिक और रेहड़ी-पटरी लगाने वाले लोग अपनी पहचान पत्र दिखाकर संबंधित गैस एजेंसी से छोटू कमर्शियल सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत वितरण किया जा रहा है।

डीएसी नंबर के अनुसार हो रही गैस की आपूर्ति

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि मई 2026 में जिन उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई है और जिन्हें डीएसी नंबर जारी हुआ है, उन्हें क्रमवार तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी या गोदाम पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। संबंधित गैस एजेंसियां डीएसी नंबर के आधार पर उपभोक्ताओं से संपर्क कर रही हैं और होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर पहुंचाए जा रहे हैं।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि सभी गैस एजेंसियों को नियमानुसार गैस वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी एजेंसी की ओर से अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत विभागीय कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button