
महोबा। जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा पर पार्टी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। दीपाली का आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने उन्हें जिला उपाध्यक्ष पद देने के बदले हमबिस्तर होने की अनैतिक मांग की।
दीपाली तिवारी ने यह भी दावा किया कि पार्टी के एक जिला महामंत्री और एक जिला उपाध्यक्ष ने भी उन पर जिलाध्यक्ष की बात मानने का दबाव बनाया। साथ ही, उन्हें धमकी दी गई कि यदि उन्होंने इस मामले में आवाज उठाई तो उनके पति को झूठे दुष्कर्म केस में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद उनकी सलाह पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
34 दिन पहले दिया था इस्तीफा
दीपाली तिवारी सोमवार दोपहर करीब एक बजे शिकायती पत्र लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वह जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराने आई हैं।









