अम्बेडकरनगर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने मंगलवार को बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न लाइब्रेरी एवं कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रामेश्वरम लाइब्रेरी, परफेक्ट डिजिटल लाइब्रेरी, सौम्या लाइब्रेरी, एसएस फाउंडेशन क्लासेज और सिग्मा ट्यूटोरियल्स कोचिंग संस्थान का भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा मानकों से लेकर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तक हर पहलू की गहन समीक्षा की गई।
अग्निशमन व्यवस्था और इमरजेंसी निकास पर विशेष फोकस
अधिकारियों ने संस्थानों में लगे अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की जांच की। साथ ही आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए बनाए गए इमरजेंसी एग्जिट मार्गों का भी निरीक्षण किया गया।
विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, भवन की सुरक्षा और अन्य आवश्यक संसाधनों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। जहां आवश्यक हुआ, वहां संचालकों को व्यवस्थाएं और बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की परखी गई मजबूती
पुलिस अधीक्षक ने संस्थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रवेश और निकास बिंदुओं की निगरानी प्रभावी होनी चाहिए। सभी कैमरे नियमित रूप से संचालित रहें और उनका रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए संचालकों को सतर्कता बरतने और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए।









