अंबेडकर जयंती को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांतिपूर्ण आयोजन के निर्देश

14 अप्रैल को गरिमा और अनुशासन के साथ आयोजन, 13 अप्रैल को चलेगा स्वच्छता अभियान

अम्बेडकरनगर अम्बेडकरनगर में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से मनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जनपद के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।

प्रतिमा स्थलों पर विशेष सफाई और व्यवस्था

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 13 अप्रैल को पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। सभी खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान और पंचायत प्रतिनिधि यह सुनिश्चित करेंगे कि अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास साफ-सफाई रहे।

साथ ही, प्रतिमा स्थलों पर जाली और छतरी की व्यवस्था की जाएगी। जहां जरूरत होगी, वहां रंगाई-पुताई भी कराई जाएगी।

मूर्ति सुरक्षा समिति और सीसीटीवी पर जोर

हर प्रतिमा स्थल के लिए “मूर्ति सुरक्षा समिति” बनाई जाएगी। इसमें ग्राम प्रधान और चौकीदार की जिम्मेदारी तय होगी।

संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत भवन स्तर पर कंट्रोल रूम बनाने की भी बात कही गई है, ताकि निगरानी मजबूत हो सके।

नई परंपरा पर रोक, तय मार्गों से ही निकलेंगे जुलूस

प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी नई प्रतिमा की स्थापना या नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। केवल पहले से तय परंपराओं के अनुसार ही कार्यक्रम होंगे।

जुलूस भी पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। इसके लिए ग्राम प्रधानों को प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कानून-व्यवस्था पर सख्त निगरानी

जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तुरंत प्रशासन को देने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button