- BA, BSc, BCom, LLB, LLM में डायरेक्ट दाखिला
- BPharma, BBA, BCA, MBA में लिखित परीक्षा से प्रवेश
- BTech/MTech की 50% सीटें AKTU से, 50% यूनिवर्सिटी से भरेंगी
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है। विश्वविद्यालय में 2 जुलाई से अंडरग्रेजुएट (UG) पाठ्यक्रमों में मेरिट के आधार पर दाखिले शुरू हो जाएंगे। जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, उनकी समय-सारिणी जल्द जारी की जाएगी और 15 जुलाई तक सभी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य तय किया गया है।
यह निर्णय कुलपति प्रो. अजय तनेजा की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में विभिन्न संकायों के डीन और विभागाध्यक्ष शामिल रहे।
15 जुलाई से नए सत्र की होगी शुरुआत
कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश 8 जुलाई तक रहेगा। इसके बाद विश्वविद्यालय खुलेगा और प्रयास रहेगा कि 15 जुलाई से नए सत्र की कक्षाएं शुरू हो जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश परीक्षा की तिथियां निर्धारित कर ली जाएं ताकि समयबद्ध ढंग से प्रक्रिया पूरी की जा सके।
इन कोर्स में मेरिट से होगा सीधा दाखिला
बीए, बीएससी, बीकॉम, पीजी, एलएलबी (तीन और पांच वर्षीय) और एलएलएम जैसे कोर्सों में बिना परीक्षा मेरिट के आधार पर दाखिला होगा।
इन पाठ्यक्रमों में होगी प्रवेश परीक्षा
बीफार्मा, डीफार्मा, बीबीए, एमबीए, बीसीए और एमसीए में दाखिला लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। वहीं बीटेक और एमटेक कोर्स की 50% सीटों पर AKTU के माध्यम से काउंसलिंग होगी और शेष 50% सीटें विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा से भरी जाएंगी।
30 जून तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। रात 12 बजे तक छात्र आवेदन कर सकेंगे।








