- बार और नशे की वजह से बढ़ी अराजकता, मारपीट के वीडियो हुए वायरल
- ताल के किनारे की दुकानों पर कोई पाबंदी नहीं
- निर्णय से परिवारों की सुरक्षा को मिलेगी प्राथमिकता
गोरखपुर। रामगढ़ताल में अब पर्यटक रात 9 बजे के बाद बोटिंग, क्रूज़ राइड और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का आनंद नहीं ले सकेंगे। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने इन गतिविधियों का संचालन समय दो घंटे घटाकर रात 9 बजे तक कर दिया है। आदेश का अनुमोदन हो चुका है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पहले यह समय रात 11 बजे तक था।
GDA के इस फैसले के पीछे हाल के दिनों में बोटिंग क्षेत्र में हुई मारपीट की घटनाएं और सोशल मीडिया पर वायरल हुए झगड़े के वीडियो हैं। देर रात तक बार संचालन और शराब के नशे में उपद्रव बढ़ने के चलते यह कदम उठाया गया है।
अब सालभर लागू रहेगा एक ही समय
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के अनुसार, पहले ठंड के मौसम में रामगढ़ताल में रात 9 बजे तक और गर्मियों में रात 11 बजे तक गतिविधियां संचालित होती थीं। लेकिन अब पूरे साल के लिए सिर्फ रात 9 बजे तक की अनुमति रहेगी। यानी क्रूज़, बोटिंग और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट सभी को 9 बजे बंद करना अनिवार्य होगा।
परिवारों की सुरक्षा और व्यवस्था पर खास ध्यान
GDA का कहना है कि अधिकांश परिवार पर्यटकीय गतिविधियों का लुत्फ शाम 9 बजे तक ही उठा लेते हैं। हाल ही में दो नावों की टक्कर और मारपीट की घटनाओं ने व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। इस फैसले से पारिवारिक पर्यटकों को सुरक्षित माहौल देने की कोशिश की गई है।








