सुनेत्रा बारामती सीट से चुनाव लड़ सकती हैं
एनसीपी अध्यक्ष पद के लिए प्रफुल्ल पटेल का नाम चल रहा है
महाराष्ट्र में तीन दिन का राजकीय शोक
मुंबई। महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य का नया डिप्टी CM बनाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से हाल ही में मुलाकात की है।
सुनेत्रा फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं और अब वे अजित पवार की बारामती विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
वहीं, एनसीपी अध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार प्रफुल्ल पटेल को एनसीपी का अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है। इस प्रस्ताव पर पार्टी नेता सीएम देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा, एनसीपी का शरद पवार गुट से भी विलय होने की संभावना जताई जा रही है।
प्लेन हादसा और राजकीय शोक
दरअसल, बुधवार को बारामती एयरपोर्ट पर अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया था। इस हादसे में पवार के अलावा उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू सदस्य की भी मौत हो गई। वे 66 वर्ष के थे। महाराष्ट्र में उनके निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।
केंद्रीय एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि पायलट ने बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया। इसके बाद विमान को ऊंचाई पर वापस ले जाया गया। दोबारा लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान रनवे से पहले ही गिर गया और उसमें आग लग गई।
विमानन कंपनी VSR वेंचर्स ने बताया कि पायलट के पास 16,000 घंटे और को-पायलट के पास 1,500 घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था। कंपनी ने दावा किया कि विमान में कोई तकनीकी खामी नहीं थी।








