आगरा नगर निगम ने बड़े हाउस टैक्स बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज की

आगरा। नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। हरीपर्वत जोन के 574 बकायेदारों को डिमांड नोटिस न मानने पर वारंट जारी किए गए हैं। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यदि 3 दिन के भीतर बकाया हाउस टैक्स जमा नहीं किया गया तो कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि निगम की आय बढ़ाने और टैक्स वसूली प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने राजस्वकर्मियों को स्पष्ट टारगेट दिए हैं ताकि बड़े बकायेदारों से वसूली में तेजी लाई जा सके।

नगर निगम की टीम लगातार क्षेत्रवार जाकर बकायेदारों को नोटिस दे रही है और मौके पर दबाव बनाकर बकाया वसूलने में लगी हुई है। इस अभियान के तहत विशेष रूप से उन बकायेदारों को निशाना बनाया जा रहा है जिनका हाउस टैक्स 50 हजार रुपये या उससे अधिक है।

नगर निगम ने कहा कि इस अभियान से न केवल राजस्व संग्रह में वृद्धि होगी, बल्कि नागरिकों में कर दायित्व के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button