आगरा में ईद-उल-अजहा को लेकर हाई अलर्ट

181 मस्जिदों और 2 ईदगाहों पर सुरक्षा कड़ी

  • आगरा में ईद-उल-अजहा पर हाई अलर्ट
  • 181 मस्जिदों और 2 ईदगाहों में होगी नमाज
  • शहर को 6 जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया
  • सड़क पर नमाज और सार्वजनिक कुर्बानी पर रोक

आगरा में ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। गुरुवार को शहर की 181 मस्जिदों और 2 ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे शहर को 6 जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा का विस्तृत प्लान तैयार किया है। हर जोन की जिम्मेदारी एसीपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि सेक्टर स्तर पर निगरानी एसएचओ करेंगे।

संवेदनशील इलाकों में पीएसी, आरएएफ और स्थानीय पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

मुतवल्ली और इमामों के साथ बैठक

त्योहार से पहले पुलिस प्रशासन ने मस्जिदों के मुतवल्ली, इमाम और मौलानाओं के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर चर्चा की। बैठक में टोरेंट पावर और जलकल विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान के निर्देश दिए।

सड़क पर नमाज और सार्वजनिक कुर्बानी पर सख्ती

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाह परिसरों के भीतर ही अदा की जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर ही की जा सकेगी।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

डीसीपी सिटी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। सोशल मीडिया सेल को भी 24 घंटे सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button