लखनऊ के गुडंबा में बीके मोटर्स के गोदाम में भीषण आग

लखनऊ के गुडंबा में बीके मोटर्स सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग

गोदाम में खड़ी 6 गाड़ियां जलकर खाक

दमकल की 4 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

लखनऊ। राजधानी के गुडंबा इलाके में स्थित बीके मोटर्स सर्विस सेंटर में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग सर्विस सेंटर के गोदाम से शुरू हुई, जहां कई गाड़ियां खड़ी थीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में मौजूद करीब 6 गाड़ियां जलकर राख हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग दोपहर करीब 2 बजे लगी। गोदाम में डीजल रखा होने के कारण लपटें तेजी से भड़क गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगते ही तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं। सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी अन्य गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया है। आग की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि करीब 1 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, आग बुझाने के लिए पास के अस्पताल से पानी लिया जा रहा है। वहीं, सर्विस सेंटर मालिक के भाई ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button