
बारामती। महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का एक भावुक वीडियो अब सामने आया है, जिसमें वे 24 जनवरी को बारामती के कान्हेरी में एक चुनावी रैली में सभा को संबोधित करते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा था, “यह दुनिया हमेशा के लिए नहीं है। हम सब आज यहां हैं, कल नहीं रहेंगे। अगर समय और नियति से पहले बुलावा आ जाए, तो सबको जाना ही होगा।”
अजित पवार ने अपने भाषण में कहा कि राजनीति जीवन का सब कुछ नहीं है और चुनाव के बाद यह भूलकर क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने जनता के प्यार और विश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि यही उनकी प्रेरणा है।
लेकिन महज 4 दिन बाद, यानी 28 जनवरी को बारामती जाते समय प्लेन क्रैश में उनका निधन हो गया। इस हादसे में उनके साथ एक सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर की भी जान चली गई। अंतिम संस्कार गुरुवार को बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में संपन्न हुआ।
66 साल के अजित पवार ने राजनीति में लंबे समय तक सेवा की और उनके निधन से महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारे में शोक छा गया है।








