अंबेडकरनगर। अकबरपुर डिपो से जुड़ी वर्षों पुरानी मांग को जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देश पर अकबरपुर बस स्टेशन स्थानांतरण की प्रक्रिया वर्ष 2025 के अंत तक शुरू हो जाएगी, जबकि 15 अगस्त से अकबरपुर से दिल्ली वाया लखनऊ एसी बस सेवा शुरू की जाएगी।
विवेक मौर्य ने सौंपा मांगपत्र, मंत्री ने दी स्वीकृति
भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने हाल ही में लखनऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भेंट की। उन्होंने अकबरपुर में परिवहन से जुड़ी दो प्रमुख समस्याओं को लेकर मांगपत्र सौंपा।
इसमें पहली मांग अकबरपुर डिपो का स्थानांतरण, और दूसरी दिल्ली तक सीधी बस सेवा शुरू किए जाने की रही। मंत्री ने दोनों मांगों को स्वीकृति देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश विभाग को जारी कर दिए हैं।
15 अगस्त से दिल्ली जाने वाली एसी बस सेवा होगी शुरू
क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम अयोध्या परिक्षेत्र विमल राजन ने बताया कि मंत्री के निर्देश पर अकबरपुर से दिल्ली तक एसी बस सेवा का संचालन 15 अगस्त से किया जाएगा। यह सेवा लखनऊ होते हुए दिल्ली जाएगी।
उन्होंने कहा, “परिवहन मंत्री के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में सुविधाओं के विस्तार पर ज़ोर दिया जा रहा है। अकबरपुर से दिल्ली सेवा इसी दिशा में एक अहम कदम है।”








