यूपी के 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 प्री-मानसून हुआ सक्रिय, 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं आंधी-बारिश हो रही है तो कहीं तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 27 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

राजधानी लखनऊ में सुबह से बादल छाए हुए हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप निकल रही है। काशी, प्रयागराज और कानपुर समेत कई शहरों में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मंगलवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के 10 शहरों में बारिश रिकॉर्ड की गई। गोरखपुर, महाराजगंज और झांसी में तेज बारिश हुई, जबकि महाराजगंज में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून बिहार सीमा के पास तक पहुंच चुका है और 20 से 25 जून के बीच सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button