अंबेडकरनगर। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अंबेडकर नगर जिला प्रशासन ने भारी वर्षा, जलभराव और वज्रपात की आशंका को देखते हुए 28 से 31 जुलाई तक के लिए एडवाइजरी जारी की है। 28 व 29 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट और 30 व 31 जुलाई को येलो अलर्ट घोषित किया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
भारी बारिश से जुड़ी आपदाओं को लेकर प्रशासन सतर्क
प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में जनपद अंबेडकर नगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा की संभावना है। ऐसे में लोगों को जलभराव, वज्रपात और संभावित बाढ़ जैसी स्थितियों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी कर आम नागरिकों को सावधानी बरतने और सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
नागरिकों को यह करना होगा जरूरी
अधिकारियों ने कहा है कि मौसम से संबंधित सरकारी चेतावनियों पर ध्यान देना अनिवार्य है। बारिश से पूर्व छत, नालियों और जल निकासी की समुचित सफाई सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही बिजली के उपकरणों को सुरक्षित व सूखे स्थानों पर रखना आवश्यक बताया गया है। नागरिकों को यह सलाह दी गई है कि वे आवश्यक दस्तावेज, दवाएं, टॉर्च, पीने का पानी और सूखा खाद्य सामग्री पहले से सुरक्षित स्थान पर संजो कर रखें।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष सतर्कता की अपील
प्रशासन ने कहा है कि बच्चों और बुजुर्गों को बारिश के दौरान अकेले बाहर न निकलने दिया जाए। साथ ही वाहन चलाते समय भी पूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की भी सलाह दी गई है। नागरिकों को अपने नजदीकी उच्च स्थानों और राहत केंद्रों की जानकारी पहले से लेनी चाहिए।








