- टप्पल के हजियापुर गांव का मामला
- पैतृक जमीन विवाद को लेकर नाराजगी
- पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट थे भाई
- दो घंटे से ज्यादा चला रेस्क्यू प्रयास
अलीगढ़। अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के हजियापुर गांव में पैतृक जमीन विवाद को लेकर पुलिस कार्रवाई से नाराज दो सगे भाई मोबाइल टावर पर चढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। करीब सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिवप्रताप का अपने चाचा और पूर्व प्रधान के साथ पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई थी। आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए शिवप्रताप के बड़े भाई लोकेंद्र को शांतिभंग की आशंका में हिरासत में ले लिया।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट भी की गई। शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर सुनवाई नहीं होने से नाराज शिवप्रताप अपने जुड़वा भाई सूरज के साथ शनिवार शाम करीब 8 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
मामले की जानकारी मिलने पर सीओ खैर संजीव तोमर और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों भाइयों से बातचीत कर उन्हें नीचे आने के लिए मनाया। काफी प्रयास के बाद दोनों को सुरक्षित उतार लिया गया।









