जमीन कब्जे के विरोध पर महिला से मारपीट का आरोप, एसपी से शिकायत

सहन भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप, घायल महिला जिला अस्पताल में भर्ती

अम्बेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के करतोरा गांव में जमीन कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कुछ लोगों पर सहन भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने और विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।

करतोरा गांव निवासी बहाउ पुत्र दशरथ ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे कुछ लोग उनकी सहन भूमि पर पहुंचे और कथित रूप से कब्जा करने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि जब उनकी पत्नी ज्ञानमती ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।

लाठी-डंडों और रॉड से हमला करने का आरोप

पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। आरोप है कि लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गईं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान एक व्यक्ति ने चाकू से हमला किया, जिससे ज्ञानमती के सिर पर गंभीर चोट आई।

घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एफआईआर दर्ज कराने की मांग

पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी दिए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। साथ ही मेडिकल परीक्षण न कराए जाने की भी बात कही गई है।

बहाउ ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने और आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button