फर्जी बैनामे का आरोप, पीड़ित ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के नरियांव निवासी सूर्य प्रकाश सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जमीन के फर्जी बैनामे का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आलापुर उपनिबंधक कार्यालय की कथित मिलीभगत से उनकी जमीन का जालसाजीपूर्ण तरीके से बैनामा कर दिया गया।

खतौनी में नाम न होने के बावजूद हुआ विक्रय

शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस जमीन का बैनामा किया गया, उसकी खतौनी में उनका नाम दर्ज नहीं था। इसके बावजूद कूट रचित विलेख तैयार कर बिना किसी प्रतिफल के जमीन का विक्रय दिखा दिया गया। मामला मौजा गनपतपुर, परगना बिड़हर, तहसील आलापुर से जुड़ा है। संबंधित खाता संख्या 335, फसली वर्ष 1429 से 1434 की गाटा संख्या 240, रकबा 0.351 बताई गई है।

न्यायालय में विचाराधीन विवाद के बावजूद बैनामा

सूर्य प्रकाश सिंह ने पत्र में बताया कि जमीन से संबंधित वरासत और वसीयत का विवाद विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन है। इस प्रकरण में न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश भी पारित किया गया है। इसके बावजूद 24 जनवरी 2026 को कथित रूप से फर्जी और जालसाजीपूर्ण तरीके से विक्रय पत्र तैयार कर लिया गया।

बैनामे में शामिल लोगों के नाम उजागर

शिकायत के अनुसार, इस विक्रय पत्र में क्रेता के रूप में प्रमोद कुमार निवासी मंसूरगंज, विक्रेता के रूप में वंदना पत्नी प्रदीप, गवाह के तौर पर सीमा पत्नी अजय जायसवाल निवासी नरियांव और प्रदीप पुत्र चंद्रशेखर निवासी ककरहा शामिल बताए गए हैं। बैनामा लेखक का नाम विंध्याचल दुबे बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button