
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर विकासखंड अंतर्गत नौगवा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में प्राप्त सरकारी विकास फंड का नियमानुसार उपयोग नहीं किया जा रहा है और प्रधान व पंचायत स्तर पर धन के दुरुपयोग की स्थिति बनी हुई है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन से जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत में कराए गए नल रिबोरिंग कार्यों में भारी गड़बड़ी पाई गई है। कई स्थानों पर कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जबकि कुछ जगहों पर केवल कागजी औपचारिकताएं पूरी कर भुगतान दर्शाए जाने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर कार्य अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं हैं।
इसके अलावा पंचायत भवन की पुताई और भवन के सामने स्थित नाली को पाटकर रास्ता बनाने के कार्य को लेकर भी आपत्ति जताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य बिना किसी स्वीकृत प्रस्ताव, मास्टर रोल या तकनीकी स्वीकृति के कराया जा रहा है। न तो इन कार्यों से संबंधित सूचना पंचायत स्तर पर प्रदर्शित की गई और न ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई।
जब ग्रामीणों ने इस संबंध में पंचायत सचिव से जानकारी मांगी तो उन्होंने किसी भी प्रकार के प्रस्ताव या मास्टर रोल की जानकारी होने से इनकार किया। सचिव के इस बयान को ग्रामीण कार्यों में अनियमितता का संकेत मान रहे हैं। उनका कहना है कि यदि कार्य स्वीकृत और वैध होते, तो उसका रिकॉर्ड पंचायत में उपलब्ध होता।








