-
एक भारत, समरस भारत’ थीम पर दौड़े हज़ारों प्रतिभागी
-
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विजेताओं को किया सम्मानित
-
भाजपा पार्षदों ने लगाए ‘मोदी-योगी करेंगे सपना पूरा के नारे
लखनऊ। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम से शुरू हुई अंबेडकर मैराथन में राजधानी समेत कई जिलों के युवाओं और बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। भाजपा संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने मशाल जलाकर मैराथन की शुरुआत की, जो अटल चौक, हजरतगंज होते हुए परिवर्तन चौक तक पहुंची। सुबह से ही प्रतिभागियों की भारी भीड़ जुट गई थी। सबने ‘एक भारत, समरस भारत’ स्लोगन वाली टी-शर्ट पहन रखी थी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने परिवर्तन चौक पर विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि बाबा साहब की विचारधारा को धरातल पर उतारने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं। हर गरीब को मकान, शौचालय, साफ पानी और मुफ्त इलाज जैसी योजनाएं इसी सोच का परिणाम हैं। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने ‘बाबा तेरा मिशन अधूरा, मोदी-योगी करेंगे पूरा’ जैसे नारे लगाए।
कार्यक्रम में लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल भी पार्षदों के साथ मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है और जिसने भी देश के लिए योगदान दिया, पार्टी ने उसका सम्मान किया है।
इस आयोजन के पीछे किरण फाउंडेशन की भूमिका रही, जिसका मुख्यालय राजाजीपुरम में है। यह संस्था नीरज सिंह की प्रेरणा से सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में काम कर रही है। फाउंडेशन के निदेशक विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि रजिस्ट्रेशन से लेकर आयोजन तक संस्था ने पूर्ण सहयोग किया।








