अम्बेडकरनगर: श्रवण धाम महोत्सव 2026 की तैयारियों का प्रशासनिक निरीक्षण

अम्बेडकरनगर। श्रवण क्षेत्र धाम में प्रस्तावित श्रवण धाम महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। महोत्सव से पहले मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रंजीत सिंह, परियोजना अधिकारी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महोत्सव स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया।

महोत्सव स्थल पर व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने महोत्सव स्थल पर प्रस्तावित मुख्य मंच की स्थिति, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल, टेंट और पंडाल व्यवस्था, श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आवागमन व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

आगंतुकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित और सकुशल ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने की हिदायत

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही महोत्सव की व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है, इसलिए प्रत्येक विभाग को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने कार्य पूरे करने होंगे। साथ ही तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button