पिता की मौत का सदमा नहीं सह सकी बेटी, हार्ट अटैक से गई जान

बुलंदशहर। जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पिता की सड़क हादसे में मौत की खबर सुनते ही नाबालिग बेटी की भी हार्ट अटैक से जान चली गई। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, रामघाट गांव निवासी लक्ष्मी नारायण रावल (55) रविवार रात नाइट ड्यूटी के लिए बाइक से निकले थे। नरोरा थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास अचानक उनकी बाइक से सांड टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर सिर के बल दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

उधर, पिता की मौत की खबर जैसे ही उनकी 17 वर्षीय बेटी ममता को मिली, वह सदमे में आ गई और उसे हार्ट अटैक आ गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और देर रात उसकी भी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि लक्ष्मी नारायण रावल डिबाई के एक इंटर कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। उनकी पत्नी कृष्णा देवी पूर्व ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। परिवार में कुल छह बच्चे हैं, जिनमें ममता चौथे नंबर की संतान थी।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। एक ही परिवार में पिता और बेटी की मौत से गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button