अंबेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के नाऊनगर में बुधवार दोपहर हल्की बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 65 वर्षीय सतिराम की मौत हो गई। वह पान की गुमटी पर खड़े होकर पान का इंतजार कर रहे थे। बिजली की चपेट में आने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। गुमटी संचालक महिला भी इसकी चपेट में आकर मामूली रूप से घायल हो गई।
पान लेने के लिए रुके, तभी आसमान से गिरी बिजली
संदहा मजगांवा मुसहा निवासी सतिराम पुत्र बीपत बुधवार दोपहर बसखारी से अपने घर लौट रहे थे। करीब डेढ़ बजे वह नाऊनगर में पान की गुमटी पर रुके।
वह गुमटी पर खड़े होकर पान का इंतजार कर ही रहे थे कि इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गई। अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। सतिराम सीधे इसकी चपेट में आ गए और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
गुमटी पर मौजूद महिला दुकानदार भी बिजली की चपेट में आ गई। उसे मामूली चोटें आईं।
आवाज सुनकर जुटे लोग, पुलिस को दी सूचना
आकाशीय बिजली गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
उपनिरीक्षक अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सतिराम को सीएचसी बसखारी पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।









