
- पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी
- ईमेल में 14 IED और साइनाइड गैस का दावा
- पुलिस-खुफिया टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
अम्बेडकरनगर में सोमवार को अकबरपुर स्थित डाकघर परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब डाकघर के भीतर संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) और अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
जांच के दौरान डाकघर, पासपोर्ट कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौके से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
दोपहर 1:15 बजे विस्फोट का दावा, ईमेल में भारी धमकी
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार ईमेल में दावा किया गया था कि पासपोर्ट कार्यालय और डाकघरों में 14 आईईडी लगाए गए हैं, जिनमें साइनाइड गैस भरे होने की बात कही गई थी। संदेश में दोपहर 1:15 बजे विस्फोट होने का उल्लेख किया गया था।धमकी के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और आम लोगों की आवाजाही कुछ समय के लिए नियंत्रित की गई।
‘तमिल लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन’ के नाम से भेजा गया संदेश
ईमेल ‘तमिल लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन’ नामक संगठन के नाम से भेजा गया था। संदेश में विभिन्न राज्यों के मामलों का उल्लेख करते हुए पुलिस व्यवस्था और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए।
ईमेल में कुछ कानूनी मामलों का जिक्र करते हुए राजनीतिक और पुलिस तंत्र के खिलाफ नाराजगी जताई गई थी। साथ ही कुछ सुधारात्मक मांगों का भी उल्लेख किया गया।









