अंबेडकरनगर। बसखारी ब्लॉक के रामपुर-बेनीपुर गांव में सोमवार को राशन की दुकान के चयन को लेकर हंगामा हो गया। ग्रामीणों की आपत्ति के बाद चयन प्रक्रिया रोकनी पड़ी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मतदान नहीं हो सका और ग्रामीण वापस लौट गए।
इच्छुक आवेदनों को शामिल नहीं करने पर जताई आपत्ति
गांव में रिक्त राशन की दुकान के चयन की प्रक्रिया चल रही थी। सोमवार को राशन कार्डधारकों के माध्यम से चयन प्रस्तावित था। इसके लिए ग्रामीणों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से आवेदन किए गए थे।
चयन प्रक्रिया के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि सभी इच्छुक आवेदनों को प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया। इसी बात को लेकर मौके पर हंगामा शुरू हो गया और मतदान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
पुलिस पहुंची तो संभली स्थिति
हंगामे की सूचना पर हंसवर थानाध्यक्ष और टांडा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद बिना मतदान के ग्रामीण वापस लौट गए।
अंबेडकरनगर में राशन की दुकान के चयन को लेकर हंगामा, बिना मतदान लौटे ग्रामीण
बसखारी के बीडीओ सतीश सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का चयन वरीयता के आधार पर किया जाना है। सभी आवेदन एनआरएलएम को भेजे जाएंगे। वहां से रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की बात से इनकार किया।









