आंधी-बूंदाबांदी से अम्बेडकरनगर की बिजली व्यवस्था ठप

पेड़ गिरने और फॉल्ट से कई फीडर ठप, शहर में भी घंटों बाधित रही आपूर्ति

अम्बेडकरनगर। मंगलवार रात आए तेज आंधी और बूंदाबांदी के चलते जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। पेड़ों की डालियां गिरने, ट्रांसफार्मर खराब होने और लाइन फॉल्ट के कारण शहर सहित करीब 150 गांवों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही।

जानकारी के अनुसार, रात करीब आठ बजे मौसम अचानक बदला और तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसका असर सबसे अधिक अशरफपुर बरवां विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पर पड़ा, जहां कई स्थानों पर पेड़ की डालियां गिरने से आपूर्ति ठप हो गई।

50 से अधिक गांवों में आधी रात तक गुल रही बिजली

उपकेंद्र से जुड़े हरिपुर, मजगवां, दरवन, हाथ पकड़, अशरफपुर, बरवां बाजार और आनंद नगर समेत करीब 50 गांवों में रात 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं बैरामपुर बरवां उपकेंद्र से जुड़े रामनगर, शिवबाबा, इंद्रलोक कॉलोनी और पहितीपुर फीडर रात नौ बजे ट्रिप कर गए। मरम्मत के बाद रात 11 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।

इस दौरान फायर स्टेशन गली, मीरानपुर, पार्क गली और अयोध्या रोड चुंगी नाका क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

शहरी क्षेत्रों में भी असर, कई मोहल्लों में देर रात तक कटौती

अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के तहत शास्त्रीनगर, गांधीनगर, रसूलाबाद, बसखारी रोड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पेड़ गिरने से लाइन बाधित रही। इन इलाकों में रात 12 बजे तक आपूर्ति नहीं हो सकी। शहर के अन्य हिस्सों में भी एक से दो घंटे तक कटौती की समस्या बनी रही।

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराया

भीटी, महरुआ, कटेहरी, जमुनीपुर, मालीपुर, कल्याणपुर, जहांगीरगंज और जाफरगंज समेत कई ग्रामीण इलाकों में बिजली बाधित होने से पेयजल संकट खड़ा हो गया। मोटर न चलने से लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button