एयरटेल टावर से चोरी हुईं 7.50 लाख की 22 बैटरियां बरामद, दो गिरफ्तार

हंस तिराहे पर बैटरी लदा ई-रिक्शा रोकने पर हुआ विवाद, निशानदेही पर पुलिस ने बरामद कीं बैटरियां

अंबेडकरनगर। टांडा के अलीगंज थाना क्षेत्र में एयरटेल टावर से चोरी हुईं 22 बैटरियां पुलिस ने बरामद कर ली हैं। इनकी कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय के अनुसार, दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, टांडा नगर के कस्बा पश्चिम मोहल्ले में एयरटेल कंपनी का टावर लगा है। बीते दिनों टावर से करीब दो दर्जन बैटरियां चोरी हो गई थीं। इस मामले में टावर की जिम्मेदारी संभाल रहे अरबाज खान ने अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

हंस तिराहे पर जांच के दौरान पकड़े गए युवक

पीआरवी टीम के कमांडर बोबी और आरक्षी उमाशंकर यादव हंस तिराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बैटरियों से लदे ई-रिक्शा (यूपी 45 एटी 9481) को संदेह के आधार पर रोक लिया और कागजात मांगे। पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा सवार राहुल जायसवाल निवासी मोहल्ला व थाना अलीगंज और प्रमोद कुमार निवासी कस्बा पश्चिम पुलिसकर्मियों से उलझ गए और बदसलूकी करने लगे।

इसके बाद पीआरवी टीम ने थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी दोनों युवकों और बैटरी लदे ई-रिक्शे को थाने ले गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर चोरी की 22 बैटरियां बरामद की गईं।

राहुल पर पहले से कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, राहुल जायसवाल के खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button