आयुष अस्पतालों की रफ्तार पर डीएम की नजर

निर्माण से लेकर दवाओं तक की हुई समीक्षा

अंबेडकरनगर। जिले में आयुष चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आयुष समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयुष विभाग के चिकित्सालयों की प्रगति और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में निर्माणाधीन अस्पतालों से लेकर दवाओं की उपलब्धता तक कई बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।

बैठक में निर्माणाधीन आयुष चिकित्सालय भवनों की स्थिति पर चर्चा हुई। प्रस्तावित चिकित्सालयों के लिए उपलब्ध भूमि की अद्यतन स्थिति भी देखी गई। इसके साथ ही 50 शैयायुक्त एकीकृत आयुष चिकित्सालय की स्थापना और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में आवश्यक तेजी लाने और सभी काम निर्धारित मानकों के साथ तय समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

अस्पतालों में दवाओं की कमी न होने देने पर जोर

जिलाधिकारी ने जिले के सभी आयुष चिकित्सालयों में उपलब्ध दवाओं और उनकी आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। कितने मरीजों का उपचार हुआ और उन्हें कौन-कौन सी सेवाएं मिल रही हैं, इसकी भी जानकारी ली गई। उन्होंने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित रखने और मरीजों को सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार देने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योगाभ्यास की स्थिति भी सामने रखी गई। योग प्रशिक्षकों और प्रशिक्षिकाओं की ओर से कराई जा रही गतिविधियों की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने आयुष और योग के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष विभाग की योजनाओं और सेवाओं का प्रचार-प्रसार ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों तक बढ़ाने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button