अंबेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र में पति की दूसरी शादी का विरोध करने पर पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आठ साल पहले हुई थी शादी
सिगवन पुरुषोत्तम पट्टी निवासी सना खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ वर्ष पहले उसका निकाह चांद खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। दंपती की दो बेटियां हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति चांद खान, ससुर दिलदार, जेठ करीम खान, जेठानी चमन जहां और ननद जहारून निशा, महरु निशा व सायरन निशा दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे।
दूसरी शादी का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
सना खान के अनुसार, उसके पति ने करीब 45 दिन पहले भीटी थाना क्षेत्र के इनौना दुल्लापुर निवासी अशोक चौहान की पुत्री काजल से दूसरी शादी कर ली। इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया।
अहिरौली थाना अध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।









