- प्रोजेक्ट अलंकार योजना के दूसरे चरण में 13 विद्यालयों को 9.31 करोड़ रुपये स्वीकृत
- निर्माण में शिक्षण कक्ष, शौचालय और बाउंड्रीवॉल शामिल
- योजना के तहत 75% राशि शासन और 25% विद्यालय देंगे
अम्बेडकरनगर। जिले के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की स्थिति को संवारने के लिए प्रोजेक्ट अलंकार योजना के दूसरे चरण के तहत बड़ा वित्तीय सहयोग मिला है। कुल 13 विद्यालयों को इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के लिए 9.31 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस राशि से शिक्षण कक्ष, शौचालय और बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के लिए बेहतर और सुरक्षित शैक्षिक माहौल तैयार होगा।
शासन देगा 75 प्रतिशत, 25 प्रतिशत वहन करेंगे विद्यालय
योजना के तहत कुल लागत का 75 प्रतिशत हिस्सा शासन से उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि शेष 25 प्रतिशत का भार स्वयं विद्यालयों को उठाना होगा। शासन ने प्रथम किश्त के रूप में अपने हिस्से का 40 प्रतिशत यानी 3.21 करोड़ रुपये पहले ही जारी कर दिए हैं, जिससे निर्माण कार्यों की गति तेज़ हो सके।
किसे मिला कितना—गांधी स्मारक को सबसे अधिक राशि
जारी राशि में गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, राजेसुल्तानपुर को सर्वाधिक 1.66 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ है। बाबा बरुआदास इंटर कॉलेज को 1.35 करोड़, कौमी इंटर कॉलेज टांडा को 1 करोड़ और रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी को 1.24 करोड़ रुपये मिले हैं।
मालिकपुर से लेकर महरुआ तक पहुँचा विकास बजट
मोतीलाल विद्या मंदिर कॉलेज मालीपुर और रामलाल सिंह रामफेर जनता इंटर कॉलेज को 66.66 लाख रुपये का आवंटन किया गया है। लालता प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज और मिश्री लाल आर्यक कॉलेज को 66 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। सुभाष राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सैदही को 75 लाख, जबकि रामलोचन इंटर कॉलेज और आर.डी. उच्च माध्यमिक विद्यालय को 53-53 लाख रुपये दिए गए हैं।








